
वाराणसी। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ 31 अक्तूबर को बनारस में होंगे। बकौल जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा सीएम विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। एक या दो परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर हकीकत से रूबरू होंगे। मुख्यमंत्री रात्रि में रुकने के बाद अगले दिन यहां से प्रस्थान करेंगे। विभागीय अधिकारी कागजों को दुरुस्त करने और बचे विकास कार्यों को पूरा कराने में युद्धस्तर पर जुटे रहे।
किरकिरी से बचने के लिए लोक निर्माण विभाग गड्ढों को भरने में जुटा नजर आया। शहर की साफ-सफाई भी कराई जा रही है। विशेषकर सार्वजनिक स्थलों और अस्पतालों को करीने से चमकाया जा रहा है। कोरोना के चलते काशी में कई परंपराएं टूटी हैं। ऐसे वक्त में देव दीपावली का स्वरूप क्या होगा इसपर भी आलाधिकारी मुख्यमंत्री सेे निर्देश लेंगे। सीएम के आगमन के मद्देनजर एक तरफ जहां प्रशासनिक अमला सतर्क है वहीं भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित हैं।