चंदौली। चोरों की सक्रियता से मिनी महानगर सहित मुगलसराय क्षेत्र इन दिनों असुरक्षित सा हो गया है। चोरी और लूट की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। खाकी की सुस्ती बदमाशों का हौसला बढ़ा रही है। बीते दिनों हिनौली गांव में पुलिसकर्मी के घर में घुसकर वृद्ध माता-पिता को बंधक बनाकर लूट की घटना का पुलिस अब तक अनावरण नहीं कर पाई है। वहीं शुक्रवार की रात पीडीडीयू नगर में चोरों ने दो घरों को खंगाल दिया।
सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से मुगलसराय क्षेत्र काफी महत्वपूर्ण और संवेदनशील है। लेकिन यहां पुलिस की मुस्तैदी चोरों की सक्रियता के आगे ढीली नजर आ रही है। हाल के दिनों में चोरी की एक के बाद एक घटनाएं हुई हैं। बीते मंगलवार की रात हिनौली क्षेत्र में पुलिसकर्मी के घर में दीवार फांदकर घुसे बदमाशों ने वृद्ध माता पिता को बंधक बनाकर न सिर्फ लूटपाट की बल्कि विरोध करने पर उनकी पिटाई भी की। वहीं शुक्रवार की रात सुभाषनगर मोहल्ले में एक साथ दो घरों को खंगाल दिया। रिटायर्ड बैंककर्मी आरएल श्रीवास्तव अपनी पत्नी का वाराणसी में रहकर इलाज करवा रहे हैं। घर बंद था लिहाजा चोरों ने हाथ साफ कर दिया। इसके बाद पड़ोस में ही बंद पड़े मनीष रस्तोगी के मकान का ताला चटकाकर घर को खंगाला डाला। इस घटनाओं से जहां लोगों में दहशत व्याप्त है वहीं पुलिस मस्त है। उच्चाधिकारियों के कृपापात्र थानेदार गैर जनपद स्थानांतरण के बाद भी जुगाड़ से जमे हुए हैं।
1 minute read