
मीरजापुर। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने शनिवार को भरुहना में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र और प्रदेश सरकार को आड़े हाथ लिया। कहा हाथरस कांड ने पूरे देश की आत्मा को झकझोरने का काम किया है। इसकी समयबद्ध जांच होनी चाहिए। पुलिस की एसआईटी से न्याय की उम्मीद नहीं है। प्रकरण की जांच सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई से कराई जाए। डीएम के पास सीएम का राज है, डीएम अगर पोल खोल दे तो सारे राजफाश हो जाएंगे। इसीलिए डीएम हाथरस पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
संजय सिंह ने कहा उत्तर प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। यह कोई पहली घटना नहीं है। जौनपुर के मड़ियाहु, लखीमपुर खीरी, आजमगढ़, फतेहपुर, हाथरस और भदोही बेटियां दरिंदगी का शिकार हुई हैं। बेटी बचाओं का नारा देने वाले और खुद को चैकीदार कहने वाले सात दरवाजे के पीछे छिपे हुए हैं। दुर्भाग्य है कि बेटी के साथ दरिंदगी होने के बाद छह दिन तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई और इलाज आदि मिलने में देरी हुई। परिवार की मर्जी के बिना दाह संस्कार कर दिया गया। वर्तमान समय में तानाशाही चल रही है तो आपातकाल से भी ज्यादा खतरनाक है। जातिवाद से उपर उठकर 24 करोड़ लोगों के मुख्यमंत्री बनकर कार्य करें। उत्तर प्रदेश को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेटियों की कब्रगाह बना दिया है, बेटियां अपने को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। योगी आदित्यनाथ के रहते उत्तर प्रदेश का शासन शांतिपूर्वक नहीं चल सकता है और बेटियों को सुरक्षा नहीं मिल सकती है, इसलिए अब उनको अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।