
चंदौली। उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू शनिवार को पड़ाव स्थित पंडित दीनदयाल संग्रहालय पहुंचे। यहां एकात्म मानवतावाद के प्रणेता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही उपवन का भ्रमण कर पंडित दीनदयाल के जीवन दर्शन व विचारों को आत्मसात किया।
उपराष्ट्रपति ने पड़ाव में पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्थल में पंडित जी के प्रतिमा के सामने शीश नवाया। इसके बाद भित्त पर अंकित चित्रों का अवलोकन कर उनके जीवन दर्शन से रूबरू हुए। उप राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर व्यवस्था चाक-चौबंद रही। स्मृति स्थल में रेड कारपेट बिछाया गया था। वहीं दो गोल्फ कार्ट गाड़ियों से उपराष्ट्रपति व अन्य वीवीआईपी ने सपरिवार परिसर का भ्रमण किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन चरित्र पर बनी थ्रीडी फिल्म का अवलोकन किया। इसके बाद परिसर में बने संग्रहालय को भी देखा। इसके बाद उपराष्ट्रपति वाराणसी के लिए रवाना हो गए। उपराष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर जीटी रोड व हाईवे पर रूट डायवर्जन किया गया था। वाराणसी की तरफ जाने वाले वाहनों को पचफेड़वा, गोधना चौराहा, चकिया तिराहा व व्यासनगर से हाईवे की तरफ मोड़ दिया गया। किसी भी वाहन को पड़ाव की तरफ जाने की अनुमति नहीं दी गई। स्मृति उपवन के अंदर किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। उपराष्ट्रपति के लौटने के बाद जीटी रोड पर वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका। इस दौरान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक रहे।