
वाराणसी। ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी राहुल सिंह को लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित करने की घोषण की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों उन्हें 24 जनवरी को यह सम्मान लखनऊ में दिया जाएगा। यह पुरस्कार पाने वाले वह वाराणसी के पांचवें हॉकी खिलाड़ी होंगे। इसके पहले मो. शाहिद, विवेक सिंह, अनुराग रघुवंशी व ललित उपाध्याय को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुई है।
राहुल सिंह 1996 अटलांटा ओलंपिक में भाग लेने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। वर्तमान में असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी के पद पर पुणे में तैनात राहुल सिंह इस सम्मान से बेहद खुश हैं। उनका कहना है यह बनारस की हॉकी का सम्मान है। इस शहर से निकले दिग्गज हॉकी खिलाड़ियों ने दुनिया में देश का मान बढ़ाया है। पद्मश्री मो. शाहिद को पूरी दुनिया जानती है। उन्हें ड्रिबलिंग किंग कहा जाता था।
बड़े भाई विवेक सिंह ने 1988 सियोल ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के साथ देश से का प्रतिनिधित्व किया था। जूनियर एशिया कप 1989 में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी भी की थी। वर्तमान में ललित इसे आगे बढ़ा रहे हैं। अपने शानदार खेल की बदौलत देश की टीम में प्रमुख सदस्य के तौर पर खुद को स्थापित किया है।
वह उस टीम का हिस्सा रहे जिसने ओलंपिक समेत सभी बड़े टूर्नामेंट में जीत हासिल की है। उनका कहना है कि मुझे मिलने वाले इस सम्मान से नौजवानों खिलाड़ियों में उत्साह आएगा। वह मेहनत करेंगे और देश के लिए खेलने का सपना पूरा करेंगे। राहुल के नाम के एलान से परिवार में जश्न का माहौल है। पिता गौरी शंकर सिंह और मां पद्मा सिंह ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।