
वाराणसी। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद से वाराणसी में पर्यटकों की संख्या काफी बढ़ी है। इसके चलते होटल व लॉज के रेट भी बढ़ते जा रहे हैं। इसे देखते हुए नगर निगम अब होटल बनवाने पर विचार कर रहा है, ताकि लोगों को रियायती दर पर कमरे उपलब्ध कराए जा सकें। इसके अलावा शहरवासियों के मांगलिक कामों के लिए लॉन बनाने की भी निगम की योजना है।
इन निर्माणों के लिए निगम ने म्युनिसिपल बांड से राशि जुटाने का निर्णय लिया है। इससे निगम ने बाजार से 108 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है। 50 करोड़ रुपये के लिए ग्रीन बांड भी जारी किया जाएगा। म्युनिसिपल बांड से मिलने वाले रुपये का उपयोग जनसामान्य को मूलभूत सुविधाएं देने पर खर्च किया जाएगा। इसके अलावा उच्च गुणवत्ता, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के विकास की परियोजनाओं में भी मदद ली जाएगी।
होगा संपत्तियों का मूल्यांकन
नगर निगम इसकी तैयारी दो साल से कर रहा है। इसके लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनियम बोर्ड (सेबी) के मापदंडों के अनुरूप निगम की व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जा चुका है। निगम ने अपनी संपत्तियों का पुनः मूल्यांकन कराने का निर्णय लिया है। नगर निगम को उम्मीद है कि उसकी संपत्ति 5000 करोड़ की है जबकि वर्तमान में निगम के रिकार्ड में महज 590 करोड़ दर्ज हैं।
वर्ष 1959 में निगम की स्थापना के बाद संपत्तियों का मूल्यांकन नहीं किया गया, जबकि छह दशकों में संपत्तियों के मूल्य कई गुना बढ़े हैं। पुनः मूल्यांकन से संपत्तियों का बाजार मूल्य बढ़ना तय है। इससे सेबी की नजर में निगम की साख भी बढ़ेगी।