fbpx
क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

chandauli news: जानिए कौन है गोविंद उपाध्याय जिसकी गिरफ्तारी को लेकर मचा है बवाल, चली गई धानापुर थानाध्यक्ष की कुर्सी

चंदौली। धानापुर पुलिस तकरीबन 23 साल के युवक को जबरन घर से उठा ले जाती है। घर का कोई सदस्य अपने मोबाइल के पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लेता है। इस बात से बेखबर पुलिस युवक को गांजा तस्कर बताते हुए गांजा, असलहा और बाइक के साथ गिरफ्तारी दिखाती है। उसी दौरान सोशल मीडिया पर गिरफ्तारी का वीडियो वायरल हो जाता है और पूरे महकमे में खलबली मच जाती है। पुलिसिया फर्जीवाड़ा लोगों के सामने आ जाता है। पुलिस विभाग की किरकिरी और अधिकारी असहज हो जाते हैं। मामला आईजी तक पहुंचता है तो धानापुर थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया जाता है। एसपी अंकुर अग्रवाल पूरे मामले की जांच बैठा देते हैं। आईए जानते हैं कौन है गोविंद उपाध्याय जिसकी गिरफ्तारी ने पुलिस को कटघरे में खड़ा कर दिया।

गोविंद उपाध्याय पर चार मामले दर्ज
धानापुर क्षेत्र के पैगापुर डबरिया निवासी गोविंद उपाध्याय की गिरफ्तारी का पुलिस का तरीका भले ही गलत है लेकिन गोविंद पर चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। गोविंद के खिलाफ 2017 में धानापुर थाने में चोरी का पहला मामला दर्ज हुआ था। इसमें गोविंद के साथ दो अभियुक्त और थे। इसके बाद 2021 में धानापुर और चंदौली में धारा 379 और 411 के तहत दो और मामले दर्ज हुए। 2023 में भी इसके खिलाफ धानापुर में मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस के अनुसार गोविंद अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। बहरहाल पूरा मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है। देखना यह कि पुलिस काअगला कदम क्या होता है।

Back to top button