
चंदौली। कोरोना काल में कुछ महीने एहतियात बरतने के बाद जिले के सांसद और केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय एक बार फिर से क्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं। रविवार को जगदीशसराय स्थित मैक्सवेल नर्सिंग कालेज में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। जनपदवासियों को भरोसा दिलाया कि मकर संक्रांति पर्व पर मुख्यालय के सकलडीहा रोड स्थिति रेलवे क्रासिंग पर रेलवे ओवर ब्रिज का लोकार्पण कर दिया जाएगा। जल्द ही मेडिकल कालेज की नींव भी पड़ जाएगी। कोरोना काल के दौरान कार्यकर्ताओं की मेहनत की जमकर सराहना की। जरुरतमंदों तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का सुझाव भी दिया।
डा. पांडेय ने कहा कि देश कोरोना के साथ लड़ रहा है। सरकार के साथ संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता ने कोरोना काल के दौरान कड़ी मेहनत की है। जरुरतमंदों को खाद्यान्न देने के बाद जिले से सौ क्विंटल चावल पश्चिम बंगाल के तुफान पीड़ितों के लिए भेजा गया। भाजपा की टीम ने प्रवासियों की मदद के लिए एनएच पर कैंप लगाकर लंच पैकेट वितरित करके मिशाल पेश की है। कहा कि कार्यकर्ताओं से संवाद जरुरी है। क्योकि संगठन की नींव कार्यकर्ता ही होते हैं। कार्यकर्ताओं ने जमीन का सर्किल रेट न बढ़ाए जाने, पराली निस्तारण की व्यवस्था न होने की बात कही। कहा जिला प्रशासन योजनाओं-परियोजनाओं के लिए जबरन किसानों की जमीन अधिग्रहित कर रहा है। इसके लिए दबाव बनाया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। उन्होंने समस्याओं को लिखकर अपने पास रख भी लिया। कहा कि इसके लिए मुख्यमंत्री से वार्ता की जाएगी। जमीन अधिग्रहण व पराली निस्तारण को लेकर कोई न कोई हल निकाल लिया जाएगा। इस दौरान विधायक साधना सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सर्वेश कुशवाहा, डा. केएन पांडेय, राणा प्रताप सिंह, हरिवंश उपाध्याय, उमाशंकर सिंह, काशीनाथ सिंह, अनिल तिवारी, जैनेंद्र राम, शशिशंकर सिंह, संजय सिंह बबलू, राजेंद्र पांडेय उपस्थित रहे।