
चंदौली। जिले में दो अलग घटनाओं में घरेलू विवाद के चलते महिला और पुरुष ने आत्महत्या कर ली। पहली घटना बलुआ थाना अंतर्गत रामपुर त्रिमुहानी के पास की है जबकि दूसरा मामला जलीलपुर चौकी क्षेत्र के रतनपुर गांव का है।
पत्नी से विवाद में पति ने लगा ली फांसी
बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज पुलिस चौकी अन्तर्गत रामपुर त्रिमुहानी के पास गुरुवार की शाम व्यक्ति का शव गमछे के सहारे पेड़ से लटकता मिला। पुलिस ने युवक की जेब से मिले आधार कार्ड व मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दी। बताया जा रहा है कि सकलडीहा कोतवाली के देवरापुर गांव निवासी लक्ष्मन राम 35 वर्ष पुत्र रविकान्त अपनी पत्नी रीना से हुए वाद विवाद के बाद गुरुवार की सुबह ही घर से निकल गया था। कुछ घंटे बाद बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज पुलिस चौकी अन्तर्गत रामपुर त्रिमुहानी के पास सड़क किनारे स्थित शीशम के पेड़ से गमछे के सहारे लटकता मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। वहीं मौके पर पहुंची मृतक की पत्नी रीना, पुत्रियां स्नेहा, सुनीता व पुत्र सुनील का रो रोकर बुरा हाल रहा।
पति से विवाद के बाद पत्नी ने की आत्महत्या
जलीलपुर चौकी अंतर्गत रतनपुर गांव में 32 वर्षीय महिला प्रियंका पांडेय ने अपने घर में ही फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी के अनुसार प्रतापगढ़ निवासी दीपक पांडेय अपनी पत्नी प्रियंका और एक बच्चे के साथ रतनपुर गांव में किराए के मकान में रहते थे। गुरुवार को नए घर का गृहप्रवेश था। सुबह ही पत्नी से किसी बात पर विवाद हो गया। पत्नी ने गृह प्रवेश की पूजा में साथ जाने से इंकार कर दिया। पति अकेले ही पूजा में चले गए। इधर प्रियंका फांसी के फंदे से झूल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।