
चंदौली। मनराजपुर कांड चंदौली पुलिस के गले की फांस बन चुका है। गैंगेस्टर कन्हैया की 20 वर्षीय पुत्री निशा यादव की मौत अनसुलझी पहेली बन चुकी है। कानून व्यवस्था की हिमायती योगी सरकार विपक्ष के निशाने पर है। विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं का मनराजपुर पहुंचने का सिलसिला जारी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव नौ मई को जिले में होंगे। जबकि छह मई यानी शुक्रवार को भीम आर्मी चीफ चद्रशेखर आजाद उर्फ रावण और आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। इससे प्रदेश की सियासत और गरमाएगी।
मनराजपुर निवासी गैंगेस्टर कन्हैया यादव को पकड़ने उसके घर पहुंची पुलिस गैर इरातदन हत्या की आरोपी बन बैठी। गैंगेस्टर की पुत्री की मौत का आरोप पुलिस से सिर मढ़ा जा रहा है। बहरहाल घटना के बाद से ही प्रदेश की सियासत गरम है। विपक्षी दल घटना को लेकर सरकार की लगातार आलाचना कर रहे हैं। कानून व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं का मनराजपुर आने का सिलसिला लगातार जारी है।
चंदौली आएंगे विपक्ष के तीन बड़े नेता
पूर्व सीएम अखिलेश यादव मनराजपुर घटना को लेकर सरकार के खिलाफ लगातार हमलावर बने हुए हैं। नौ मई को उनका कार्यक्रम लगभग तय है। पीड़ित परिवार से मुलाकात पर न्याय की मांग करेंगे। वहीं आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद और प्रदेश प्रभारी संजय सिंह छह मई को दोपहर 12 बजे मनराजपुर पहुंचेंगे। जबकि भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर रावण के भी दोपहर बाद मनराजपुर पहुंचने की सूचना है।
सना नेता शालिनी यादव ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
वाराणसी की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी और सपा नेता शालिनी यादव ने मनराजपुर मेें कन्हैया और उनके परिवार से मुलाकात की। कहा कानून व्यवस्था का इससे बड़ा उल्लंघन नहीं हो सकता। पूरे घटनाक्रम में पुलिस की भूमिका सन्देह के घेरे में है। महिला सुरक्षा कानून में किसी भी घर मंे महिलाओं के अकेले रहने पर पुरुष पुलिसकर्मी बगैर मजिस्ट्रेट के घर के अंदर प्रवेश नही कर सकते। लेकिन इसका पालन नहीं किया गया। मांग किया कि शीघ्र ही निष्पक्ष जांच कर दोषियों को दंडित किया जाय। मृतका की मां को 50 लाख रुपये और घायल युवती के उपचार और विवाह के लिए 50 लाख की सांत्वना राशि प्रदान की जाय।