fbpx
राजनीतिराज्य/जिलावाराणसी

पूर्वांचल में कांग्रेस की उम्मीदों को झटका, पं. कमलापति त्रिपाठी के प्रपौत्र पूर्व विधायक ललितेश ने पार्टी छोड़ी

वाराणसी। यूपी विधान सभा चुनाव की तैयारियों में लगी कांग्रेस को पूर्वांचल में तगड़ा झटका लगा है। विकास पुरुष पं. कमलापति त्रिपाठी के प्रपौत्र मड़िहान (मिर्जापुर) के पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी ने गुरुवार को कांग्रेस छोड़ने का एलान कर दिया। वाराणसी के औरंगाबाद हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने इस बात की जानकारी दी है। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पुराने कांग्रेसियों की उपेक्षा से आहत होकर ये फैसला लेना पड़ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री पं. कमलापति त्रिपाठी के प्रपौत्र ललितेश ने कहा कि पार्टी के अंदर कुछ कमियां दिख रही थीं और उनको दुरुस्त करने के लिए हम लोग प्रयासरत थे। स्थितियों में सुधार नहीं हुआ इसलिए मैंने पहले पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया। पार्टी छोड़कर दूसरी जगह जाने के सवाल पर ललितेश ने कहा कि अभी आगे का रास्ता क्या होगा इस पर कोई चर्चा नहीं हुई है। अपने समर्थकों के साथ बैठक करने के बाद इस पर विचार विमर्श किया जाएगा। आगे जाने का रास्ता उन्हीं लोगों के माध्यम से तय किया जाएगा। ललितेश के इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। वहीं पूर्वांचल में भी कांग्रेस आगे की रणनीति पर विचार कर रही है। पूर्व विधायक ललितेश ने दो दिन पहले ही उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद से ही उनके कांग्रेस छोड़ने और सपा में जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं।

Back to top button