
चंदौली। राहुल गांधी से ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की लगातार पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता मुखर हो गए हैं। इसको लेकर शुक्रवार को मुख्यालय पर जुलूस निकाला। इस दौरान जमकर नारेबाजी की। वहीं सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरूपयोग का आरोप लगाया। चेताया कि यदि सरकार अपनी हरकतों से बाज नहीं आई तो बेमियादी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार देश की संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग अपने लाभ के लिए कर रही है। पुलिस के बल पर राहुल गांधी व कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यालय में घुसकर कांग्रेस नेताओं पर अत्याचार किया गया। यह लोकतंत्र के लिए घातक है। सत्तापक्ष की ओर से राहुल गांधी की छवि को धूमिल करने का कुचक्र रचा जा रहा है। सरकार की गलत नीतियों से देश के सभी वर्ग परेशान हैं। मधु राय, आनंद शुक्ला, रजनीकांत पांडेय, हीरालाल शर्मा, रामजी गुप्ता, शाहिद तौफिक, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, गंगाराम, प्रदीप मिश्रा, शिवेंद्र मिश्रा, परमानंद पटेल आदि रहे।