
चंदौली। डीडीयू मंडल के आठ स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विकास होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 26 फऱवरी को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये देश के 554 से अधिक स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसमें डीडीयू मंडल को भी 715 करोड़ की सौगात मिलेगी। मंडल के अधीन डेहरी आनसोन, बिक्रमगंज, पीरो, रफीगंज, गुरारू, नबीनगर, हैदर नगर तथा मोहम्मदगंज स्टेशनों का कायाकल्प कराया जाएगा।
पीएम नवनिर्मित 11 रोड ओवरब्रिज और 18 आरयूबी व एलएचएस का लोकार्पण भी करेंगे। इसमें डेहरी आनसोन स्टेशन पर लगभग 16.12 करोड़ की लागत, बिक्रमगंज स्टेशन पर लगभग 12.25 करोड़, पीरो स्टेशन पर लगभग 12.28 करोड़, रफीगंज स्टेशन पर 12.46 करोड़, गुरारू स्टेशन पर लगभग 15.69 करोड़, नबीनगर स्टेशन पर लगभग 11.22 करोड़, हैदरनगर स्टेशन पर लगभग 12.95 करोड़ तथा मोहम्मदगंज स्टेशन पर लगभग 12.92 करोड़ की लागत से विकास कार्य किया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा मंडल के नवनिर्मित 11 रोड ओवरब्रिज, 18 अंडरपास का लोकार्पण किया जाएगा।
पूर्व मध्य रेलवे में 3029 करोड़ की लागत से 29 आरओबी एवं 50 आरयूबी/एचएएचएस का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा। पूर्व मध्य रेलवे के 38 स्टेशनों में से बिहार में 22, झारखंड में 14 और यूपी में दो स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाना है। इस दौरान ईसीआर के पांचों मंडल में दानापुर 171 करोड़, सोनपुर मंडल में 616 करोड़, समस्तीपुर मंडल 880 करोड़ और धनबाद मंडल 647 करोड़ से स्टेशनों का कायाकल्प व रोड ओवरब्रिज व अंडरपास पर खर्च किया जाएगा।