fbpx
चंदौलीराजनीति

मत्स्य विभाग के मंत्री डा. संजय निषाद ने जिले का किया दौरा, बोले, चंदौली की मत्स्य मंडी से लाभान्वित होंगे पूर्वांचल के मत्स्य पालक, रोजगार के बढ़ेंगे अवसर

चंदौली। प्रदेश सरकार के मंत्री (मत्स्य विभाग) डा. संजय निषाद शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर चंदौली पहुंचे। उन्होंने मुख्यालय स्थित निजी लान में आयोजित कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करने के साथ पत्रकारों से बात की। इस दौरान सरकार की मंशा बताई। चंदौली में मछली मंडी के निर्माण को पूरे पूर्वांचल के किसानों के लिए लाभप्रद बताया।

 

उन्होंने कहा कि चंदौली में अल्ट्रा मॉडल मत्स्य मंडी बनने से पूर्वांचल में बड़े पैमाने पर मत्स्य पालन करने वालों किसानों को फायदा मिलेगा। साथ ही बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसकी कुल लागत  61.87 करोड़ ( 30.00 करोड़ केन्द्रांश, 20.00 करोड़ राज्यांश तथा  11.87 करोड़ मंडी परिषद का अंश) स्वीकृत किया जा चुका है। विभिन्न श्रेणी की अत्याधुनिक 113 नग दुकानें, प्रशासनिक भवन, अन्य बहुउद्देश्यीय अवसंरचनाओं का निर्माण होना है। फिश मार्केट में आधुनिक तकनीकों से परिपूर्ण मत्स्य सम्बन्धित सभी घटक यथा थोक/फुटकर व्यापार, रंगीन मछलियों का व्यापार, मत्स्य बीज हेतु आउटलेट, प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना मत्स्य आहार, मत्स्य रोग निवारक मत्स्य उत्पादकों की उपलब्धता एक छत के नीचे संगठित रूप से किया जा सकेगा। मंडी की स्थापना से वाराणसी मंडल के साथ ही पूर्वाचल के समस्त जनपदों में मात्स्यिकी विकास से खाद्य सुरक्षा, मत्स्य पालको के मत्स्य उत्पादों का उचित मूल्य, रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे साथ ही अन्य राज्यों में मत्स्य निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। राज्य कृषि उत्पादन मंडी की ओर से परियोजना निर्माण हेतु टेंडर की कार्रवाई की जा रही है। कैबिनेट मंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से मत्स्य पालन और इससे जुड़ी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में मछुआ समाज का कल्याण हुआ है। आगे भी निरंतर उत्थान हेतु सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। मछुआ समाज कल्याण हेतु अलग से बजट तैयार हुआ और मछुआ समाज का हक और अधिकार उनके घर तक पहुंच सकें इसके लिए मत्स्य विभाग के माध्यम से उनको लाभान्वित किया जा रहा है।

 

कहा कि लगातार समाज के लोगों का मुद्दा विधानसभा और दिल्ली में जाकर उठाता रहा हूं। उन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि केंद्र और राज्य सरकारों ने मछुआ समाज के उत्थान के लिए सकारात्मक कदम उठाना शुरू कर दिया है। सहायक निदेशक मत्स्य अधिकारी राम अवध ने विभागीय योजनाओं के पटलवार कार्यों से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान उप निदेशक मत्स्य वाराणसी मंडल, सहायक निदेशक मत्स्य अधिकारी राम अवध, मत्स्य निरीक्षण विकास कुमार मिश्रा समेत अन्य रहे।

Back to top button