
चंदौली। पत्नी नाराज होकर तीन पुत्रियों को लेकर मायके चली गई। छह महीने से पति-पत्नी के बीच का झगड़ा नहीं सुलझा तो नाराज 35 वर्षीय युवक ने आत्मघाती कदम उठाते हुए फांसी लगाकर जान दे दी। मामला धानापुर कस्बा स्थित नईबस्ती का है। पुलिस ने सोमवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि युवक ने तीन चार दिन पहले ही फांसी लगा ली थी। शव से दुर्गंध उठ रही थी।
कस्बा स्थित नई बस्ती निवासी मोनू अपने मकान में अकेले रहता था। परिवार के लोग वाराणसी में बड़े भाई अरविंद सिंह के साथ रहते हैं। मृतक का पत्नी के साथ विगत छः महीने से विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि उसकी गलत संगत और दुर्व्यवहार से नाराज पत्नी तीन पुत्रियों के साथ मायके में रह रही थी। सुलह का प्रयास चल रहा था। मृतक के बड़े भाई अरविंद ने बताया कि विगत 21 मई की रात लगभग नौ बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उसकी पत्नी और मां से सुलह करने और आने की बात हो रही थी। लेकिन उसकी पत्नी नहीं मानी। वह पत्नी को लाने के लिए ससुराल भी गया था लेकिन उसे घर में जाने तक नही दिया गया। वह अपने बच्चियों से मिलना चाह रहा था लेकिन मिलने नहीं दिया गया। पिछले दो तीन दिनों से उसका मोबाइल रिसीव नहीं हो रहा था। आशंका होने पर पड़ोसियों को जानकारी लेने के लिए घर पर भेजा तो उसके फांसी लगाने की जानकारी हुई। मृतक की मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल था। प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा ने बताया कि मामला पारिवारिक कलह का ही प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।