
चंदौली। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अब मरीजों के लिए खाना पकाएंगी। जिला अस्पताल में महिलाओं की ओर से संचालित प्रेरणा कैंटीन का जिलाधिकारी संजीव सिंह ने सोमवार को शुभारंभ किया। इस पहल से महिलाओं को रोजगार मिलेगा। वहीं मरीजों को भी किफायती दर पर शुद्ध व पौष्टिक खाना मिलेगा। डीएम ने महिलाओं की पहल की तारीफ की।
फुटिया गांव की तरंग आजीविका महिला संकुल समिति की ओर से प्रेरणा कैंटीन खोली गई है। महिलाएं खाना पकाकर अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को आपूर्ति करेंगी। इससे महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही मरीजों व तीमारदारों को सस्ते रेट पर शुद्ध व पौष्टिक आहार मिलेगा। डीएम ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में भी तमाम लोग आते हैं। महिलाओं को सरकारी कार्यालयों में भी कैंटीन खोलने का अवसर दिया जाएगा। इससे महिलाओं को रोजगार मिलेगा और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी। कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से नारी सशक्तीकरण को लेकर मुहिम चलाई जा रही है। महिलाओं को प्रशिक्षण व रोजगार देकर स्वावलंबी बनाने की कवायद की जा रही है। शासन की ओर से महिलाओं के हित में तमाम योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिलाएं सस्ते गल्ले की दुकान, कैंटीन संचालित करने समेत अन्य कार्यों व रोजगार से जोड़ा जा रहा है। इससे उनका मनोबल बढ़ा है। सीएमओ डा. वाईके राय, सीएमएस डा. उर्मिला सिंह समेत चिकित्सक व समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।