
चंदौली। प्रदेश में भाजपा की योगी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित विविध कार्यक्रमों में तहत रविवार को विकास खंड स्तर पर किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थितजनों को प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की जानकारी दी गई। चकिया ब्लाक परिसर में आयोजित कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने संबोधित किया जबकि सकलडीहा तहसील में भाजपा सकलडीहा विस प्रभारी सूर्यमुनी तिवारी ने किसानों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
सुरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार की नीतियों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति को मिल रहा है। सरकार ने 2.61 करोड़ शौचालय बनाकर तैयार किए जिसका लाभ 10 करोड़ लोगों को मिला है। जिला मुख्यालयों पर 24 घंटे बिजली और तहसील मुख्यालय पर 22 घंटे बिजली की सुविधा दी जा रही है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली पहुंचाने का काम भी प्रदेश की योगी सरकार कर रही है। बेरोजगारी दर में कमी आई है। किसान खुशहाल हैं। आने वाले समय में भी सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाएं हैं निसे लाखों लोग लाभांवित होंगे। वहीं सकलडीहा तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी ने किसानों को सरकार की नीतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान एसडीएम प्रेम प्रकाश मीणा, सत्यप्रकाश गुप्ता, विजय गुप्ता, प्रमोद सिंह, कुमुद बिहारी आदि मौजूद रहे।