
चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का छह नवंबर को जनपद आगमन होगा। सीएम मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में आएंगे। यहां करोड़ों की परियोजनाओं की सौगात देंगे। वहीं मंच से सरकार की उपलब्धियां भी गिनाएंगे। जिला प्रशासन सीएम के आगमन की तैयारी में जुटा है।

मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर लगभग दो बजे महेंद्रा में बन रहे हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से कार से मंच तक जाएंगे। सीएम यहां जिले की कई प्रमुख योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। वहीं बच्चों का अन्नप्रासन भी कराएंगे। इसके बाद सीएम जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं अफसरों संग बैठक कर कानून व्यवस्था की समीक्षा भी करेंगे। मुख्यमंत्री पौने पांच बजे हेलीकाप्टर से वाराणसी के लिए रवाना होंगे। सीएम के आगमन की सूचना के बाद जिला प्रशासन तैयारी में जुट गया है। महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज के ग्राउंड पर हेलीपैड, भव्य मंच और पंडाल बनाने का काम तेजी से चल रहा है। सदर एसडीएम अजय मिश्रा की देखरेख में तैयारी चल रही है। जिलाधिकारी ईशा दुहन ने बताया कि सीएम का आगमन छह को प्रस्तावित है। कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां कराई जा रही हैं।