
भदोही। गिद्ध बने हैवान बेटियों को मांस का टुकड़ा समझकर नोंचने पर आमादा है। आजमगढ़ में छह वर्ष की मासूम के साथ दुराचार की घटना के एक दिन बाद ही भदोही जिले में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गुरुवार की दोपहर औराई थाना क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म की कोशिश का विरोध करने पर दबंग आरोपितों ने उसे पीट पीटकर मार डाला। पुलिस मामले की जांच कर रही है जबकि आरोपित फरार हैं।
थाना क्षेत्र की किशोरी सड़क पर निकली तो आरोपितों ने उसे जबरन खींच लिया। काफी देर बाद भी घर नहीं लौटी तो परिजन तलाश में निकल पड़े। एक सुनसान स्थान पर किशोरी खून से लतपथ हाल में मिली। यह देख परिवार वाले सन्न रह गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। उसे चिकित्सालय ले जाया गया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव में तनाव व्याप्त है। आरोपितों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार किशोरी के सिर में गंभीर चोट आने की वजह से उसकी मौत हुई है। इस घटना ने कानून व्यवस्था को एक बार फिर से कटघरे में खड़ा कर दिया है। हाथरस, बलरामपुर और आजमगढ़ घटना के बाद भदोही में भी जघन्य वारदात को अंजाम दिया। ऐसी घटनाओं से मानवता शर्मसार हो रही है।