
चंदौली। पीडीडीयू नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन व सपा नेता मुसाफिर चौहान ने मंगलवार को नगर में जुलूस निकालकर भ्रमण किया। इस दौरान महंगाई, भ्रष्टाचार व लचर कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा। आरोप लगाया कि भाजपा के शासनकाल में आमजन बेहाल है।
सपा नेता ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से छात्र, किसान, व्यापारी, मजदूर, महिला, नौजवान सभी परेशान हैं। सरकार ने सभी का हक छीनने का काम किया है। आरक्षण पर डाका डालने का काम इस समय हो रहा है। इसलिए जनता भाजपा से छुटकारा पाने के लिए सपा को लाना चाहती है। जनता मौजूदा सरकार से त्रस्त होकर तेजी से सपा से जोड़ने का काम कर रही है। निकाय चुनाव इसका मुख्य द्वार है। निकाय चुनाव से लेकर लोकसभा तक जनता भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए मन बना चुकी है। जुलूस में अमरनाथ राय बाबा, पंकज चौहान, पिंटू चौहान, दिलीप चौहान, रोहित गुप्ता, बेचन चौहान, संजय चौहान, पंडालू पांडेय, पवन तिवारी, राघवेंद्र बाबा, पप्पू चौहान, प्यारे चौहान, पूर्व सभासद मनोज चौहान, यमुना चौहान, राजेश चौहान आदि रहे।