
चंदौली। देश की आजादी के अमृत महोत्सव व प्रत्येक नागरिक के मन में स्वतंत्रता आंदोलन के प्रतीकों के प्रति सम्मान की भावना पैदा करने के उद्देश्य से शासन ने हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है। 11 से 17 अगस्त तक चलने वाले आयोजन को सफल बनाने की तैयारी में प्रशासन जुटा है। जनपद में 5.66 लाख तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए विभागवार लक्ष्य आवंटित किए गए हैं।
आमजन को करेंगे जागरूक
शासन का उद्देश्य है कि विशेष आयोजन के दौरान प्रत्येक नागरिक अपने घर के ऊपर तिरंगा जरूर फहराए। इसके अलावा सभी सरकारी कार्यालयों, प्रतिष्ठानों, दुकानों पर भी तिरंगा फहरेगा। इसको लेकर प्रशासन ने जागरुकता कार्यक्रम का खाका तैयार किया है। समस्त विद्यालयों, व्यावसायिक व वाणिज्यिक प्रतिष्ठान, गैर सरकारी संगठनों, रेस्टोरेंट, शापिंग कांप्लेक्स, टोल प्लाजा, पुलिस चौकी, परिवहन निगम की बसों, यात्री वाहनों पर बैनर, स्टीकर, पोस्टर लगाकर लोगों को आयोजन के बारे में जागरूक किया जाएगा। विद्यालयों में पैरेंट-टीचर मीटिंग में भी इसको लेकर चर्चा होगी, ताकि अभिभावक अवगत हो सकें। सिनेमा हाल, मल्टीप्लेक्स, केबल नेटवर्क के जरिए प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
जिलाधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि समस्त बीडीओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि उनके कार्यक्षेत्र के अंदर आने वाले सभी घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर तिरंगा जरूर फहराया जाएगा। इसके अलावा बैंकों व विभागीय अधिकारियों को दफ्तरों और अधीनस्थों के घरों, उनके अधिकार क्षेत्र में आने वाले प्रतिष्ठानों के भवन पर तिरंगा फहरवाने का लक्ष्य दिया गया है।
समूह की महिलाएं तैयार कर रही तिरंगा
एक साथ 5.66 लाख तिरंगा तैयार करना बड़ी चुनौती है। इसकी जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दी गई है। महिलाएं तिरंगा की सिलाई में जुट गई हैं। प्रशासन की ओर से उन्हें कपड़ा व अन्य वस्तुएं मुहैया कराई गई हैं। सभी विभागाध्यक्षों को महिलाओं से ही तिरंगा खरीदने के निर्देश दिए गए हैं। क्रय का अपडेट समय-समय पर शासन व उच्चाधिकारियों को देनी होगी।