
चंदौली। चहनियां ब्लाक के हृदयपुर कंपोजिट विद्यालय के सहायक अध्यापक नंद कुमार शर्मा शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से नवाजे जाएंगे। पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर लखनऊ के लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें सम्मानित करेंगे। सीएम प्रदेश के विभिन्न जिलों के 10 शिक्षकों को सम्मानित करेंगे। वहीं 65 शिक्षकों का सम्मान जनपदों में किया जाएगा। सम्मान के लिए उनके चयन कंपोजिट विद्यालय के छात्र-छात्राओं व शिक्षकों में हर्ष व्याप्त है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र सिंह यादव ने शनिवार को माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।

राज्य पुरस्कार के प्रत्येक जिले से एक शिक्षक का चयन किया जाता है। इसके लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों से आनलाइन आवेदन मांगे गए थे। जनपद के सात शिक्षकों ने आवेदन किया था। लखनऊ में आयोजित साक्षात्कार के बाद नंद कुमार शर्मा का चयन राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान के लिए किया गया। नंद कुमार ने 14 दिसंबर 1999 को बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के रूप में अपना करियर शुरू किया। पदोन्नति के बाद उनका स्थानांतरण हृदयपुर कंपोजिट विद्यालय में किया गया था। उन्होंने अपनी लगन व परिश्रम की बदौलत जनपद स्तर पर विद्यालय को पहचान दिलाई। बच्चों को शैक्षणिक, आर्थिक व सामाजिक रूप से बच्चों को समृद्ध बनाने का काम किया। उनके पढ़ाए बच्चों ने राष्ट्रीय आविष्कार प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया था। राष्ट्रीय आय आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में 12 छात्र,छात्राओं ने कामयाबी हासिल की। जिन्हें नौ से 12वीं कक्षा तक 12 हजार रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति मिलेगी। प्रधानाध्यापक ने बताया कि कंपोजिटव विद्यालय की शुरूआत 2013 में हुई थी। नंद कुमार ने अपनी कर्मठता की बदौलत इसे नौ वर्षों में उत्कृष्ट की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया। बृजेश मिश्रा, लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, पूजा सिंह, प्रतीक्षा मौर्य, बंदना चौहान, उमा चौबे, गौतम लाल, रूबी सिंह, ममता, रानी गुप्ता, विजयराज, रवि, मंजू देवी, रामभजन, सुशीला देवी, तारा देवी, सुंदरी देवी, दुखना, पिंकी, रानी, केवला देवी आदि रहे।