
चंदौली। धानापुर कस्बा के हनुमान मंदिर प्रांगण में रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला उपाध्यक्ष और क्षेत्र के कद्दावर नेता रमेश यादव बबलू ने अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण की। क्षेत्रीय विधायक सुशील सिंह ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। विधायक और ब्लाक प्रमुख अजय सिंह की उपस्थिति में रमेश यादव बबलू और उनके साथ आए अन्य कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया। अजय सिंह ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
रमेश यादव बबलू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान मिलता है और पार्टी उनके छोटे से छोटे योगदान की भी कद्र करती है। उन्होंने यह भी बताया कि अन्य राजनीतिक पार्टियों में कुछ विशेष लोगों को ही सम्मान दिया जाता है, जबकि भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने यह कदम उठाया है।
सपा से इस्तीफा देने के बाद रमेश यादव बबलू ने अपने साथियों संजय यादव, पंकज यादव सहित आधा दर्जन कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की सदस्यता ली। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।