
चंदौली। जिले की तीन विधानसभा सीटों से हार के बावजूद सपा सकलडीहा में अपना गढ़ बचाने में कामयाब रही। यहां सपा के प्रभुनारायण सिंह यादव ने दोबारा जीत हासिल की। भाजपा के सूर्यमुनी तिवारी को 16661 वोटों से हराया। सपा को 86328 मत तो भाजपा को 69667 वोट मिले। बसपा के जयश्याम को 43756 मत मिले। पिछली बार भी प्रभुनारायण भाजपा को हराकर विधायक बने थे।
सकलडीहा को सपा का गढ़ माना जाता है। ऐसे में प्रभुनारायण को खूब वोट मिले। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में 79875 वोटों के रिकार्ड को तोड़ते हुए इस बार 86 हजार से अधिक मत पाया। वहीं सूर्यमुनी तिवारी को पिछले चुनाव में 64906 से लगभग चार हजार अधिक यानी 69667 वोट पाकर भी हार का मुंह देखना पड़ा। बसपा प्रत्याशी 50 हजार का आंकड़ा पार नहीं कर सके। सकलडीहा विधानसभा में 2 लाख 12 हजार 430 मत मिले। इसमें 312 मत अवैध पाए गए। शेष वोट प्रत्याशियों के खाते में जोड़े जाएंगे। कांग्रेस के देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना को 5135, चंदा को 3527, रविकांत विश्वकर्मा को 417, रामधनी यादव को 496, शमीम राईन को 634 व श्यामलाल को 589 वोट मिले। 1569 मतदाताओं ने किसी भी प्रत्याशी पर भरोसा न करते हुए नोटा का बटन दबाया।