
चंदौली। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर जिले में पहुंचीं। उनका हेलीकाप्टर जिले के पर्वतीय व अतिपिछड़े नौगढ़ इलाके में उतरा। उन्होंने नौगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। यहां विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टाल का अवलोकन किया। साथ ही वनाधिकार कानून के तहत वनवासियों को स्वीकृति पत्र भी दिया। उन्होंने कृषि प्रधान जनपद में किसानों के हित में काम करने की सलाह अधिकारियों को दी। राज्यपाल दोपहर तीन बजे तक नौगढ़ रहेंगी। इसके बाद सोनभद्र के लिए रवाना होंगी।
राज्यपाल नीति आयोग की ओर से घोषित आकांक्षी जनपद में शासन से संचालित योजनाओं की हकीकत परखने के लिए पहुंची हैं। इसलिए उन्होंने अपने दौरे के लिए जिले के अतिपिछड़े नौगढ़ इलाके को चुना। राज्यपाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए स्टाल का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के संचालन के बारे में जानकारी ली। बोलीं, चंदौली की पहचान कृषि से है। इसलिए कृषि को बढ़ावा देने के लिए नए प्रयास होने चाहिए। खेती में नए अनुसंधान व तकनीकी खेती के लिए किसानों को जागरूक किया जाए। वहीं पात्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ जरूर पहुंचे। यह अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसे अपना नैतिक कर्तव्य समझते हुए पूरा करें।