fbpx
वाराणसी

महाशिवरात्रि पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में नहीं होगा VIP दर्शन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं का रखा जाएगा ध्यान

वाराणसी। महाशिवरात्रि पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में VIP दर्शन-पूजन नहीं होंगे। सभी श्रद्धालुओं को लाइन लगाकर दर्शन-पूजन करना होगा। श्रद्धालुओं की भीड़ को कंट्रोल करने के लिए ये फैसला लिया गया है। मंदिर के कपाट भोर में चार बजे से खुल जाएंगे। रात 11 बजे शयन आरती के बाद कपाट बंद कर दिये जाएंगे।

मंडलायुक्त, कौशल राज शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। किसी तरह की असुविधा न हो, इसकी व्यवस्था बनाई जा रही है। सभी तैयारियां 17 फरवरी तक पूरी कर ली जाएंगी ताकि 18 फरवरी को श्रद्धालु आराम से दर्शन-पूजन करके जा सकें।

श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में रेड कार्पेट बिछाया जाएगा। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि महाशिवरात्रि पर भोर में मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट चार बजे से श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। रुद्राभिषेक व सुगम दर्शन आदि की सुविधा नहीं मिलेगी। सभी प्रकार के पास भी रद्द रहेंगे। वीआईपी दर्शन नहीं होंगे। मंगला आरती के लिए टिकट की दरें बढ़ाई गई हैं। इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने सभी विभागों की जिम्मेदारी तय कर दी है। पीडब्ल्यूडी को विश्वनाथ धाम सहित शिवालयों के आसपास बैरिकेडिंग की जिम्मेदारी मिली है। बिजली निगम मंदिर मार्ग से प्रमुख शिवालयों के आसपास तारों को दुरुस्त कराएगा। सड़कें भी ठीक कराई जा रही हैं।

श्रद्धालुओं के पेयजल की व्यवस्था जल संस्थान को सुनिश्चित करनी है। इसके लिए जगह-जगह पानी के टैंकर खड़े कराए जाएंगे। नगर निगम को सफाई, लाइटिंग की व्यवस्था करनी है। नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने बताया कि प्रमुख शिवालयों के आसपास सफाई कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। महाशिवरात्रि तक सफाई व्यवस्था ऐसे ही रहेगी।

 

Back to top button