
चंदौली। सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा की गई कार्रवाई और चार्जशीट दाखिल करने के विरोध में बुधवार को चंदौली जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेसजनों ने आवाज बुलंद की। वहीं भाजपा पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया। बीजेपी की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन जारी रखने की घोषणा की।
इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा कि भाजपा राहुल गांधी की सक्रियता से घबराई हुई है, खासकर गुजरात में कांग्रेस की बढ़ती पकड़ देखकर। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार हमेशा देशहित में कार्य करता रहा है, लेकिन भाजपा बदले की भावना से प्रेरित होकर झूठे आरोपों और सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग के जरिए उन्हें निशाना बना रही है।
उन्होंने कहा कि गांधी परिवार की ईमानदारी और त्याग को झूठे षड्यंत्रों से बदनाम नहीं किया जा सकता। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता सोनिया और राहुल गांधी के साथ खड़ा है और भाजपा की तानाशाही का डटकर विरोध करेगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि नेशनल हेराल्ड संपत्ति को अवैध रूप से सीज करना और चार्जशीट दाखिल करना भाजपा की हताशा दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस भाजपा की जनविरोधी नीतियों का मजबूती से विरोध करती रहेगी और जनता के सहयोग से उन्हें सत्ता से बेदखल करेगी।