
वाराणसी। निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी आशुतोषानंद गिरी ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री का समर्थन किया है। वाराणसी पहुंचे स्वामी आशुतोषानंद ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री पर आरोप लगाने वाले नागपुर के श्याम मानव से उनका धर्म पूछा है। इतना ही नहीं महामंडलेश्वर स्वामी अशुतोषानंद गिरी ने सरकार को श्याम मानव के संस्था अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति की जांच और रजिस्ट्रेशन रद्द करने की मांग की है।
उन्होंने मीडिया के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि अन्य धर्मों से जुड़े बहुत से मुकदमे दर्ज हैं क्यों नहीं कोई उन्हें गिरफ्तार करने की हिम्मत करता है। मैं सरकार से ये आग्रह करूंगा कि वे व्यास गद्दी पर 7 दिन की तपस्या पर बैठे किसी संत को गिरफ्तार नहीं करे। यह अनुचित कृत्य है। इसको लेकर बयानबाजी करना ठीक नहीं है।
आरोप लगाते हुए कहा, बागेश्वर धाम सरकार के भक्त आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर जिस प्रकार प्रहार किया जा रहा है। इसके पीछे ईसाई मिशनरीज और इस्लामिक ताकतों का गठजोड़ है। यह प्रहार आचार्य धीरेंद्र शास्त्री पर नहीं, भारत की सामाजिक, धार्मिक और जड़ों से जुड़े सनातन हिंदू संस्कृति पर है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दरबार में भक्त उमड़ रहे हैं, सनातन धर्म का वैभव निखर रहा है।
स्वामी आशुतोषानंद गिरी ने कहा कि जितने भी विधर्मी आए उन सबने सबसे पहले हमारे धर्म का ही विनाश किया। हिंदू धर्म को बदनाम करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। इसीलिए हमेशा धार्मिक गुरुओं को ही निशाने पर लिया जाता है। इतिहास उठाकर देख लीजिए तो आप पाएंगे कि हमेशा हिंदु धर्म को खत्म करने की विधर्मियों ने साजिश की है।