
चंदौली। पुलिस की मुस्तैदी का ही परिणाम रहा कि चंदौली में एकाध छिटपुट घटनाओं के बीच होली का पर्व सकुशल संपन्न हुआ। शनिवार को मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों ने भी जमकर होली खेली। होली ऐसी वैसी नहीं कपड़ा फाड़ होली। इस दौरान एसपी भी रंगों में सराबोर नजर आए। पर्व का लुत्फ उठाया और मातहतों को गुलाल लगाकर शुभाकामनाएं दीं।
पुलिस लाइन में जमकर होली खेली गई। पुलिसकर्मियों ने शिद्दत से पर्व का आनंद लिया और एक दूसरे को रंगों से सराबोर कर लिया। इस दौरान होली के परंपरागत गीत भी बजते रहे, जिनपर पुलिसकर्मी थिरकते नजर आए। नाच गाकर एक दूसरे को रंग लगाकर मन भरा तो कपड़ा फाड़ होली शुरू कर दी। किसी के तन पर आधा कपड़ा बचा तो कोई खाली पैंट में नजर आया। पुलिसकर्मियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस दौरान अधिकारियों और मातहतों के बीच का समन्वय भी देखने को मिला। एसपी अंकुर अग्रवाल भले ही कपड़ा फाड़ होली का हिस्सा नहीं बने लेकिन दूर से ही इसका आनंद लेते रहे।