
चंदौली। खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी कर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों की अब खैर नहीं। खाद्य सुरक्षा विभाग व औषधि प्रशासन की टीम का छापेमारी अभियान 20 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान दुकानों में छापेमारी कर टीम को 120 सैंपल लेने हैं। सैंपल की जांच में यदि मिलावटखोरी मिली तो दुकानदार पर कार्रवाई तय है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम अब तक अलग स्थानों पर छापेमारी में 70 सैंपल इकट्ठा कर चुकी है।
उत्तर प्रदेश राज्य एवं भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के मध्य संपादित एमओयू वर्ष 2021-22 एवं 2022-23 में उत्तर प्रदेश से कुल 14000 सर्विलांस नमूने संग्रहित कर उनकी जांच कराई जानी है। जनपद में अभियान के दौरान कुल 120 नमूने लिए जाने हैं। अभियान 20 जनवरी तक चलेगा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम 10 जनवरी तक 70 नमूने इकट्ठा कर चुकी है। इसमें 20 दूध, 20 खोया, 10 पनीर, 10 घी, 06 नमक, 02 चाय, 02 काफी के नमूने संग्रहित कर खाद्य प्रयोगशाला को जांच हेतु प्रेषित किया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। खाद्य कारोबार करता एवं आम जनमानस को मिलावटी खाद्य पदार्थ से होने वाले नुकसान के संदर्भ में जागरूक किया जा रहा है। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंद्रकांत बाजपेयी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार शाही, कुमार चित्रसेन, सच्चिदानंद राय, नेहा त्रिपाठी एवं अरविंद कुमार शामिल रहे।