
चंदौली। धानापुर थाना के गुरेहूं गांव के समीप बांस लदी सगड़ी से बाइक टकरा गई। इससे बाइक सवार अमादपुर अड़ार गांव निवासी सूबेदार यादव (42) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर जुटे लोगों की सूचना के बाद पहुंचे परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कोहराम मच गया।
सूबेदार बाइक से बुधवार की शाम घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गुरेहूं गांव के समीप बाइक सामने बांस लादकर जा रही सगड़ी से टकरा गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। वहीं सूबेदार भी गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। आननफानन में परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।