
चंदौली। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ रविवार को अघोराचार्य बाबा कीनाराम की तपोभूमि रामगढ़ पहुंचे। मठ में बाबा की प्रतिमा के आगे शीश झुकाने के बाद। मठ में 19 करोड़ की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अघोरेश्वर बाबा कीनाराम की पवित्र धरती। इस पावन भूमि के सुंदरीकरण, विस्तारीकरण के समय सभी को बधाई।
सरकार के कार्यों का किया बखान
सीएम ने कहा दो माह पहले भी मुझे इस धरती पर आने का सौभाग्य मिला था। देश का ऐसा जनपद जहां के किसानों ने उत्पादन का रिकार्ड बनाया। ब्लैक राइस तीन साल पहले यूपी में नहीं पैदा होता था। इस समय जिले के 2400 किसान इसकी खेती कर एक्सपोर्ट कर रहे हैं। दो माह पहले मेडिकल कालेज के शिलान्यास के लिए आया था। दो माह बाद दोबारा आने का सौभाग्य मिला है। भारत पूज्य संतों और ऋषि मुनियों के योगदान के जरिए देश दुनिया में मानव कल्याण की मिशाल पेश कर रहा है। मेडिकल कालेज यूपी बिहार के लोगों के उत्तम स्वास्थ्य सुविधा का जरिया बनेगा। यह काम पहले ही हो सकता था यदि सकलडीहा में पहली बार विधायक चुना जाता तो यह कार्य भी पहले हो गया होता। हर जगह हमारे विधायकों ने यह किया। विपक्ष के पास मुदद्द नहीं। जब सत्त्ता मिली तो परिवारवाद, माफियागिरी, संसाधनों पर डकैती की गई। पैसा लूटकर बाहर भेजा। यही पैसा आज पौराणिक स्थलों के विकास और पुनरुद्धार पर खर्च हो रहा। चार बार सत्ता में रहने वाली सपा सरकार ने रामजन्म भूमि पर गोलियां चलाने वाले आतंकियों को रिहाई दिलाई। भर्तियों में जमकर धांधली की। भाजपा सरकार ने साढ़े चार साल में लाखों नौकरियां दीं। आज माफ़ियाओं की जुर्रत नहीं कि किसी गरीब, शरीफ अथवा बहन-बेटी की तरफ बुरी नजर से देख सकें। यदि ऐसा किया तो सरकार का बुलडोजर खड़ा मिलेगा। 33 मेडिकल कालेज, पुल, सड़क, पालीटेक्निक आदि बन रहे। पहले क्या कर रही थी भाई-बहन बबुआ और बुआ की जोड़ी। इनके लिए परिवार ही प्रदेश दिखता था। सिर्फ अपना विकास किया।
25 करोड़ जनता हमारा परिवार
सीएम बोले हमारे लिए प्रदेश की 25 करोड़ की जनता ही परिवार है। यदि अखिलेश यह जानते तो मेरे परिवार पर कटाक्ष नही करते। दंगे होते थे, त्योहार नहीं मानने देते थे। प्रदेश में अराजकता चरम पर थी। कोई यूपी में आना नहीं जाना चाहता था। पिछले पांच साल में एक भी दंगा नहीं हुआ। सिर्फ दंगाई ही नहीं यहां के लोगों की आस्था देखकर कोरोना भी शांत हो जाता है। इस बार सकलडीहा की जनता को चूकना नहीं है। यूपी को देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है।
चंदौली सांसद ने की सीएम की तारीफ
केंद्रीय मंत्री और चंदौली सांसद डॉ महेन्द्रनाथ पांडेय ने कहा आज बड़ा ही अद्भुदत क्षण है। यूपी के यशश्वी सीएम और गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर आए हैं। संत के स्थान पर संत का आगमन अद्भुत। इन्होंने जनपद का विकास किया। इसके लिए आभार। जब परियोजना शुरू होती है तो विपक्षी दल कहते हैं हमने पहले ही कर दिया। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेस वे। विपक्षी को नहीं पच रहा। ये दलाली वाली सड़क बनाते थे। विश्वनाथ धाम की सौगात पीएम ने दी। योगी ने भारतीय राजनीति का परिदृश्य बदल है। उन्होंने माफ़िया को कानून के दायरे में लाया। दवा के लिए मेडिकल कालेज और बाबा कीनाराम स्थल का विकास कर दिया। कीनाराम मठ में एसी हाल बनेगा, पार्क का निर्माण होगा, बाण गंगा का जीर्णोद्धार सहित 11 करोड़ की अन्य छोटी परियोजनाएं मूर्त रूप लेंगी।