
चंदौली। फरवरी में ठंड विदाई की ओर है। तापमान में इजाफा होने से सर्दी बेअसर साबित हो रही है। अब सिर्फ सुबह व शाम के वक्त ही ठंड का असर दिख रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के कृषि विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में इजाफा होगा। वहीं ठंड का असर दिनोंदिन कम होता जाएगा। आने वाले कुछ दिनों तक रात व सुबह के वक्त हल्के कोहरे की आशंका है।
कृषि मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के कृषि विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार आने वाले चार से पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। सुबह के वक्त आंशिक विकीरणीय कोहरे की आशंका है। दिन में धूप की वजह से अधिकतम तामपान बढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। अधिकतम तापमान में इजाफा होने से ठंड से काफी राहत मिलेगी। दरअसल, दिसंबर व जनवरी माह में कड़ाके की ठंड पड़ी। इसी बीच कई बार बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। कोहरे ने भी वाहनों की रफ्तार रोक दी थी। वहीं हादसे भी हुए। मौसम विभाग के अनुसार अब आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा। वहीं ठंड से भी निजात मिलेगा। इससे आमजन को राहत मिली है। वहीं रबी फसलों को भी लाभ होगा।
बारिश हुई तो झड़ जाएंगे फूल
वर्तमान में दलहनी और तिलहनी फसलों में फूल लगने की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। ऐसे में यदि बारिश हुई तो फसल को काफी नुकसान होगा। बारिश से पूल झड़ जाएंगे। वहीं पौधों में दाने और अनाज नहीं पड़ेंगे। इससे किसानों को काफी नुकसान झेलना पड़ सकता है। इस समय मौसम जितना साफ होगा, किसानों के लिए उतना ही फायदेमंद होगा।