
चंदौली। सपा की किसान पद यात्रा जिला प्रशासन की नजर में अपराध थी। वह इसलिए क्योंकि पार्टी पदाधिकारियों ने भीड़ जुटाकर कोविड प्रोटोकाल का उल्लंघन कर दिया। बहरहाल मंगलवार को सदर कोतवाली में पूर्व सांसद रामकिशुन, सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, मनोज काका सहित दस नामजद और 500 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है।
कृषि सुधार विधेयक के खिलाफ मुखर सपा कार्यकर्ताओं ने किसानों के साथ 12 अक्तूबर को जनपद में जगह-जगह जुलूस निकाला और मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान अधिकांश न मास्क नहीं लगाया था। बड़े नेता तो मास्क लगाकर सजग थे लेकिन उनके साथ आई भीड़ ने शारीरिक दूरी सहित अन्य नियमों की ऐसी की तैसी करके रख दी। और तो और सपाइयों ने कार्यक्रम की अनुमति भी नहीं ली थी। मुख्यालय पर 500 सौ से अधिक की भीड़ जुटी और लोग धक्का-मुक्की भी करते रहे। बहरहाल प्रशासन ने इस प्रकारण को गंभीरता से लिया है। कोविड प्रोटोकाल के उल्लंघन में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर दस नामजद और 500 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। नामजद आरोपित बनाए गए लोगों में पूर्व सांसद रामकिशुन, सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, मनोज काका, जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, पूनम सोनकर, नफीस अहमद गुड्डू, संतोष यादव, बाबूलाल यादव शामिल हैं।