
चंदौली। नौगढ़ ब्लाक के जमसोती गांव में लगा पुराना हैंडपंप ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों के लिए कौतुहल का विषय बना हुआ है। शनिवार को हैंडपंप से नीला पानी निकलने लगा तो गांव के लोग हैरान रह गए। हर तरफ हैंडपंप से केरोसिन निकलने का शोर मच गया। आस-पास के गांवों के लोग भी जुटने लगे हैं। जमीन के भीतर खनिज तेल होने की संभावना व्यक्त की जाने लगी है। मौके पर पहुंचे लेखपाल ने पानी का सैंपल ले लिया है। इस मामले में किसी विशेषज्ञ की राय अभी नहीं आई है।
लौवारी कला ग्राम पंचायत अंतर्गत जमसोती गांव में बने पशु चिकित्सालय के निकट महुआ बाबा आश्रम के पास रामविलास यादव का हैंडपंप है। सुबह उनके भाई कैलाश जब हैंडपंप से पानी लेने गए तो नीला पानी निकलने लगा। काफी देर तक चलाने के बाद भी यही स्थिति बनी रही। यह खबर गांव सहित क्षेत्र में जंगल की आग की तरफ फैल गई। धीरे-धीरे लोग वहां जुटने भी लगे हैं। जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान यशवंत सिंह यादव ने भी देखा तो उसमें तेल जैसी महक आ रही थी और पानी के ऊपर तेल की तरह पदार्थ तैर रहा था। खबर मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल भी मौके पर पहुंचे और पानी का सैंपल ले लिया है। इस खबर पर जितने मुंह उतरी बातें हो रही हैं। हालांकि कुछ लोगों का यह भी कहना है कि हैंडपंप कुछ दिन पहले खराब हो गया था। उसे ठीक करने के बाद गंदगी और मिस्त्री के हाथ में लगा ग्रीस पानी में मिल गया इसीलिए गंदे पानी के साथ द्रव्य जैसा पदार्थ आ रहा है।