
चंदौली। इन दिनों सत्ता पक्ष के नेता और जनप्रतिनिधि प्रदेश और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर गांव-गांव चाौपाल लगा रहे हैं। लोगों की समस्या सुन रहे हैं तो निराकरण का भरोसा भी दिला रहे हैं। हालांकि इस दौरान किसी ने आईना दिखा दिया तो जनप्रतिनिधियों को नागवार गुजर जा रहा है। कुछ ऐसा ही नजारा बरहनी ब्लाक के ग्राम पंचायत जोगवां-दुबौलिया में बुधवार को आयोजित बीजेपी विधायक सुशील सिंह की चाौपाल में भी देखने को मिला।
सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं के बारे में बता रहे थे। इसी बीच ग्रामीण अरूण सिंह ने शिकायतों का पुलिंदा खोल दिया। कहा कि गांव में निकासी के अभाव में नालियों का पानी बजबजा रहा है। भाजपा के बूथ और मंडल अध्यक्ष को बताया भी गया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। विधायक मनोज सिंह डब्लू पांच साल विधायक रहे लेकिन गांव में विकास की एक ईंट तक नहीं रखी। चार साल आप का भी बीत गया है गांव में विधायक निधि से कोई काम नहीं हुआ। इतना सुनते ही विधायक नाराज हो गए। उन्होंने साफ कहा कि मेरा हिसाब मत लीजिए। यदि समस्या थी और बूथ अध्यक्ष नहीं सुन रहे थे तो मेरे पास आना चाहिए था। मैने जितनी गरीबों की मदद कर दी उतनी कई लोगों की हैसियत होगी। गलत बात बर्दाश्त नहीं है। हालांकि कुछ ही देर में विधायक शांत हो गए और कहा कि अगली बार गांव में वोट मांगने तभी आउंगा जब जलनिकासी की समस्या का समाधान करा दूंगा।