चंदौली। सपाइयों ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने आंदोलन को विफल बनाने का पूरी तैयारी कर रखी थी। बुधवार की रात कई सपा नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। बावजूद आज बड़ी तादात में कार्यकर्ता घरों से निकले और तहसील मुख्यालयों पर कूच किया। इस दौरान कई जगह पुलिस के नोंकझोक भी हुई।
मुगलसराय तहसील पर प्रदर्शन करने जा रहे सपाइयों को पुलिस ने मानस नगर में ही रोक लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी नोंकझोक भी हुई। सपाई वहीं सड़क पर की धरने पर बैइ गए और सरकार विरोधी नारेबाजी की। इस दौरान खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के पूर्व सदस्य संतोष यादव, विनय यादव, अशोक यादव, निरंजन यादव, प्रदीप, प्रिंस, विनीत आदि मौजूद रहे। ब्लाक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में धांधली और सत्ता का दुरुपयोग, महंगाई, कानून व्यवस्था आदि मुद्दों को लेकर सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण यादव सकलडीहा तहसील के समीप धरने पर बैठे हैं। पूर्व सांसद रामकिशुन ने मुगलसराय तहसील पर कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया और सरकार के खिलाफ भड़ास निकाली।
चकिया का गांधी पार्क पुलिस छावनी में तब्दील
सपाइयों के आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने चकिया के गांधी पार्क की निगरानी बढ़ा दी है। यहां बड़ी संख्या में पुलिस को तैनात किया गया है। सपा नेता कार्यकर्ताओं के साथ तहसील की ओर कूच कर रहे हैं। पुलिस जगह-जगह कार्यकर्ताओं को रोक रही है।