
चंदौली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार की शाम मौसम अचानक बिगड़ गया। तेज आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। 55 से 56 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चली। मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। जिले में अधिकतम तापमान 38.9 व न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सापेक्षित आर्द्रता 32 फीसद तक रहा।
सोमवार को सुबह से ही धूप थी। शाम चार बजे मौसम ने अचानक करवट बदली। तेज पछुआ हवा चलने से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हुई। कई जगहों पर टीन शेड व छप्पर उड़ गए। वहीं धूल भरी आंधी से लोगों का खुले में रहना मुश्किल हो गया। घरों व दुकानों में धूल भर गई। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक चंदौली में 55 से 56 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चली। बताया कि अगले दो-तीन दिनों तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। इससे तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
पोल व तार टूटने से कई इलाकों में बिजली गुल
आंधी से बिजली को भी काफी नुकसान पहुंचा है। कई इलाकों में पोल और तार टूटने से बिजली गुल हो गई है। उपभोक्ताओं को पूरी रात परेशानी उठानी पड़ सकती है। मुगलसराय क्षेत्र में 33 केवी का पोल डैमेज होने के कारण दूर रात तक बिजली आने की संभावना है।