
चंदौली। जिले में हाट पैठ बाजार खुलेगा। इसके लिए राज्यसभा सदस्य दर्शना सिंह ने पहल की है। उनके अनुरोध पर उद्यान राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने इसके लिए सहमित दी है। वहीं जिलाधिकारी को राजस्व विभाग के जरिये जिले में इसके लिए स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। हाट पैठ बाजार खुलने से व्यापारियों, नौजवानों व किसानों को लाभ होगा।
राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार राष्ट्र और समाज के विकास के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। किसान, व्यापारी और नौजवान खुशहाल रहें, इसके लिए विकास के नए-नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। जिले में बनने वाला हाट पैठ बाजार जनता के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि नियमित हाट का इतिहास अत्यंत प्राचीन है। यहां किसान और स्थानीय लोग एकत्र होकर व्यापार विनिमय करते हैं। यह कारोबार ही नहीं बल्कि विचारों और ज्ञान के आदान-प्रदान, सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और राजनीतिक क्रियाओं में एक-दूसरे को शामिल करने का मंच भी है। ये स्थल वाणिज्यिक क्रियाओं के साथ ही एकता और सशक्तीकरण के प्रतीक होते हैं।