fbpx
weatherचंदौली

गंगा बाढ़ : घटने लगा गंगा का जलस्तर, एक सेंटीमीटर प्रति घंटा की दर से कम हो रहा पानी, बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत  

चंदौली। गंगा का जलस्तर घटने लगा है। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार की रात से ही जलस्तर स्थिर रहा। वहीं मंगलवार की रात से इसमें कमी आने लगी। जलस्तर एक सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से घट रहा है। बुधवार की सुबह जलस्तर 71.96 मीटर रहा। पानी कम होने से तटवर्ती इलाके के लोगों ने राहत महसूस की है।

 

पर्वतीय इलाकों में बारिश व अन्य प्रांतों से पानी छोड़े जाने की वजह से चार दिन पूर्व गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ा था। गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही थीं। इससे मुगलसराय व सकलडीहा तहसील के दर्जनों गांवों में पानी घुस गया। इससे लोगों के सामने संकट की स्थिति पैदा हो गई थी। लोगों को घर-बार छोड़कर बाढ़ राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी। गंगा का जलस्तर घटने से लोगों ने राहत की सांस ली है।

 

बाढ़ का पानी घटने पर बढ़ेंगी दुश्वारियां

बाढ़ समाप्त होने के बावजूद तटवर्ती इलाके के लोगों की दुश्वारियां कम नहीं होगी। बाढ़ के बाद कटान की समस्या होगी। वहीं गंदगी व कीचड़ की वजह से तमाम तरह की दुश्वारियां भी झेलनी पड़ सकती हैं। ऐसे में जिला प्रशासन को सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना होगा। संक्रामक बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए भी एहतियाती कदम उठाने होंगे।

 

Back to top button