
चंदौली। विधान सभा चुनाव की तैयारियों के बीच सोमवार को चंदौली के आधा दर्जन सपा नेताओं ने लखनऊ पहुंचकर पूर्व सीएम और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। चुनावी चर्चा के साथ जनवरी के प्रथम पखवारे में ही चंदौली में विजय रथ यात्रा निकालने का अनुरोध किया, जिसे पूर्व सीएम ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
जिलाध्यक्ष सत्यनारायन राजभर के नेतृत्व में बलराम यादव, सुधाकर कुशवाहा, नफ़ीस अहमद, सुदामा यादव, गार्गी सिंह पटेल, आशा विश्वकर्मा, जयहिंद राजभर, संदीप राजभर, अनिल राजभर, मृत्युंजय राजभर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। जनपद की समस्याओं और चुनावी तैयारियों से अवगत कराया। चुनाव अधिसूचना जारी होने से पहले चंदौली में विजय रथ यात्रा निकालने का अनुरोध किया, जिसपर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपनी सहमति प्रदान की। नफीस अहमद ने बताया कि कभी भी विजय रथ यात्रा का आगमन जनपद में हो सकता है।