fbpx
चंदौलीराज्य/जिला

खबर का असरः निजी पैथोलाजी सेंटरों पर जाने की जरूरत नहीं, जिला अस्पताल में जांच शुरू, मशीन की गड़बड़ी दूर

चंदौली। पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला संयुक्त चिकित्सालय से आखिरकार अच्छी खबर आई है। कई दिनों से खराब पड़ी बायोकमेस्ट्री जांच मशीन की गड़बड़ी दूर कराकर खून की जांच शुरू करा दी गई है। सीएमएस डा. उर्मिला सिंह ने खुद इसकी जानकारी दी। लिहाजा मरीजों को निजी पैथोलाजी सेंटरों पर जाकर जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी। पूर्वांचल टाइम्स ने जिला अस्पताल से जुड़ी इस समस्या को प्रकाशित कर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया था।

 

जिला अस्पताल की बायोकमेस्ट्री मशीन खराब होने के चलते खून की जांच नहीं हो पा रही थी। मरीजों को जांच कराने के लिए भटकना पड़ रहा था। अस्पताल की सीएमएस डा. उर्मिला सिंह ने इसके पीछे बिजली के वोल्टेज फ्लैक्चुएशन को जिम्मेदार ठहराया था। जबकि जिला अस्पताल में रोजाना लगभग चार से पांच सौ मरीज आते हैं। गर्मी के सीजन में संख्या और बढ़ गई है। इसमें जनपद के साथ ही बिहार के भभुआ जिले के भी मरीज चिकित्सकों से उपचार व जांच करवाने के लिए आते हैं। जांच की सुविधा ठप होने की वजह से मरीजों के लिए परेशानी बढ़ गई थी। मशीन में आई छोटी गड़बड़ी को दूर करने में अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही सवाल खड़े कर रही थी। आरोप लगे रहे थे कि निजी पैथोलाजी सेंटरों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रबंधन मशीन की गड़बड़ी दूर नहीं करा रहा है। पूर्वांचल टाइम्स ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया। अधिकारियों को ध्यान आकृष्ट कराया। केंद्रीय मंत्री के मीडिया प्रभारी हरिवंश उपाध्याय ने भी समस्या को दूर कराने की दिशा में पहल की। लिहाजा अच्छी खबर यह कि जिला अस्पताल के पैथोलाजी सेंटर में जांच शुरू हो गई है।

Back to top button