
चंदौली। जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के भास्करपुर गांव निवासी 30 वर्षीय आरपीएफ जवान मनोज यादव का शव सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के सुकृत में स्थित बैजू बाबा मंदिर में फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मनोज कुछ दिन पहले अवकाश पर घर आए थे और छुट्टी काटकर शनिवार को अपराह्न दो बजे चोपन पोस्ट के लिए निकले जहां उनकी तैनाती थी। समय पर नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश शुरू की गई। सुकृत के मंदिर में जवान मनोज का फंदे से लटकता शव मिला। पुलिस आत्महत्या की आशंका व्यक्त कर रही है।
भास्करपुर गांव निवासी जिलेदार यादव के पुत्र मनोज यादव आरपीएफ चोपन पोस्ट पर तैनात थे। कुछ दिन पहले ही अवकाश पर घर आए थे। शनिवार को उन्हें पोस्ट पर रिपोर्ट करनी थी। अपराह्न दो बजे वापस जाने के लिए घर से बाइक से निकले। पोस्ट पर फोन कर बताया था कि रात आठ बजे तक पहुंच जाएंगे। देर रात तक नहीं पहुंचे तो आरपीएफ ने पुलिस की मदद से खोजबीन शुरू कर दी। सुकृत में सड़क किनारे स्थित बैजू बाबा मंदिर के बाहर मनोज की बाइक मिली। पुलिस मंदिर में गई तो अंदर जवान का शव फंदे से लटक रहा था। बबुरी थाना प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि परिजनों से जानकारी ली गई है। सोनभद्र पुलिस से बातकर घटनाक्रम का पता किया जा रहा है। प्रथम दृष्ट्या आत्महत्या का मामला लग रहा है।