
चंदौली। भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं चकिया के प्रथम मण्डल अध्यक्ष रहे रामजनम त्रिपाठी का शुक्रवार को 105 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गयी। उनके बैरी स्थित पैतृक आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का आना-जाना लगा रहा।
श्री त्रिपाठी ने अपनी राजनीतिक यात्रा आरएसएस के स्वयंसेवक के रूप में सन 1952 से शुरू की थी। आरएसएस और जनसंघ में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनसेवा व वंचित वर्ग के उत्थान हेतु आजीवन सक्रिय रहे। 6 अप्रैल, 1980 को भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के पश्चात जब संगठन का गठन हुआ, तब इन्हें चकिया का प्रथम मण्डल अध्यक्ष बनाया गया। उनकी अंतिम यात्रा में चकिया विधायक कैलाश आचार्य, विधायक प्रतिनिधि केशव मूर्ति पटेल, डॉ प्रदीप कुमार मौर्य सम्मिलित हुए और उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की।