
चंदौली। कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू शनिवार को जिले में थे। संगठन सृजन अभियान के तहत नियामताबाद ब्लाक के न्याय पंचायत पचोखर में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली और किसान बिल को लेकर केंद्र सरकार को भी कोसा। कहा किसान बिल के विरोध में किसान 51 दिन से धरने पर बैठे हैं। ठंड और बारिश के बावजूद आंदोलन कर रहे हैं। अब तक 122 किसानों की मौत हो चुकी है। लेकिन दुर्भाग्य है कि सरकार सत्ता के घमंड में चूर है। किसान अन्नदाता है। धरती का भगवान है। लेकिन सरकार इस भगवान की बात भी नही सुन रही है।
कृषि फार्मिंग कांट्रैक्ट का मतलब समझाते हुए कहा कि किसानों की जमीन जो उनके परिवार और बच्चों का भविष्य है किसानों के हाथ में नहीं रहेगी। सरकार किसानों की जमीन अधिग्रहण कर अंबानी, अडानी और अन्य उद्योगपतियों को सौंप देगी।
आरके शर्मा को बताया योगी सरकार का चाौथ इंजन
पत्रकारों से वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू ने कोविड-वैक्सीन बनाने के लिए वैज्ञानिकों को बधाई दी। कहा कोविड-19 वैक्सीन को लेकर तमाम तरह की भ्रांतियां फैल रही हैं। पीएम और सीएम पहले खुद टीका लगवाएं। दूसरे देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने विश्वास जीतने के लिए पहले खुद का वैक्सिनेशन कराया था। आरके शर्मा को एमएलसी प्रत्याशी बनाए जाने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में पहले तीन इंजन की सरकार थी अब आरके शर्मा के रूप में चाौथा इंजन भी लग गया। कहा किसान, नौजवान, गरीब के मुद्दे पर बीजेपी सरकार फेल हो चुकी है।भाजपा जाने वाली है और कांग्रेस आने वाली। कहा मजबूत आधार के साथ 2022 में कांग्रेस सरकार बनाएगी। इस अवसर पर प्रदेश सचिव देवेंद्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, डा. नारायणमूर्ति ओझा, सरिता पटेल, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, परमानंद पटेल, शिवेंद्र मिश्रा, शीतला राय आदि मौजूद रहे।