fbpx
चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव पर छत्रबली सिंह ने तोड़ी चुप्पी, किया यह दावा

चंदौली। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर आखिरकार पूर्व अध्यक्ष छत्रबली सिंह ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। पंचायत चुनाव के बाद से छत्रबली सिंह ने अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। लेकिन पूर्वांचल टाइम्स के साथ विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि एक सप्ताह बाद अपनी रणनीति का खुलासा करेंगे। हालांकि यह भी दावा किया कि आधे से अधिक जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन उनके पास है।
चंदौली में जिला पंचायत अध्यक्ष पद की सीट पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। चुनाव से पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि सत्ताधारी पार्टी भाजपा आसानी से इस पद पर कब्जा कर लेगी। पार्टी में अध्यक्ष पद के कई दावेदार भी थे और उन्हें पार्टी ने अपना समर्थित उम्मीदवार बनाया था। लेकिन चुनाव परिणाम भाजपा के लिए बड़ा झटका साबित हुआ। एक-एक कर न सिर्फ सभी दावेदार चारों खाने चित हो गए बल्कि पार्टी 35 के मुकाबले महज आठ सीटों पर सिमट कर रह गई। इसके इतर सपा ने सर्वाधिक 10 और निर्दलियों ने भी इतनी ही सीटों पर कब्जा जमाया। ऐसे में भाजपा के लिए अध्यक्ष पद की राह कठिन हो चली है। सपा भी अध्यक्ष पद पर अपना दावा कर रही है। जबकि लोगों की नजर धनबली छत्रबली सिंह पर टिकी है। छत्रबली सिंह खुद तो चुनाव नहीं लड़े लेकिन शहाबगंज ब्लाक की सभी तीन सीटों पर अपने सिपहसलारों को चुनाव जितवा दिया। चुनाव के बाद पहली बार अपनी रणनीति का खुलासा करते हुए पूर्वांचल टाइम्स को बताया कि एक सप्ताह बाद वह तस्वीर साफ करेंगे। कहा कि उनके पास बहुमत से अधिक जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन है। भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे या भाजपा के खिलाफ इसके जबाव में छत्रबली सिंह ने कुछ भी कहने से साफ मना कर दिया। मतलब साफ है छत्रबली सिंह सभी विकल्पों को खुला रखना चाहते हैं। बहरहाल इस बहुप्रतीक्षित चुनाव को लेकर जल्द ही कोई बड़ी खबर सामने आ सकती है।

Leave a Reply

Back to top button