fbpx
ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

मुगलसराय के बीजेपी प्रत्याशी पर हमला, दर्जनों युवकों ने घेर ली गाड़ी, वाहन पर फेंका पत्थर, तान दिया राड

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के जफरपुर गांव में शनिवार की शाम केंद्रीय कैबिनेट मंत्री डॉ महेंद्रनाथ पांडेय के साथ जनसंपर्क के लिए निकले भाजपा प्रत्याशी रमेश जायसवाल के काफिले पर कुछ अराजक तत्वों ने हमला कर दिया। आरोप है कि गाड़ी पर पत्थर फेंका और हमले के लिए राड भी तान लिया। सुरक्षाकर्मियों के दौड़ाने पर हमलावर भाग खड़े हुए। रमेश जायसवाल ने एसपी को फोन कर मामले की जानकारी दी। सांसद डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने सपा कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाते हुए घटना की निंदा की। कहा कि एसपी से बात करने के साथ  भारत निर्वाचन आयोग से शिकायत की जाएगी।

शनिवार की शाम चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कैबिनेट मंत्री डॉ महेंद्रनाथ पांडेय भाजपा प्रत्याशी रमेश जायसवाल के साथ जफरपुर गांव में जनसंपर्क के लिए राममूरत यादव के यहां जा रहे थे। जिनके आवास से कुछ दूर पहले ही गांव के मुख्य मार्ग पर दो दर्जन से अधिक लोगों ने काफिले में सबसे आगे चल रहे रमेश जायसवाल के वाहन पर राड से हमला कर दिया। इससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। जैसे ही रमेश जायसवाल अपने वाहन से बाहर निकले उनके ऊपर भी रॉड से हमला किया गया। हालांकि वे वाहन में वापस चले गए। जिससे वे बाल बाल बच गए। उनके साथ चल रहे अंग रक्षकों ने हमलावरों को दौड़ाया। ग्रामीण भी हमलावरों की ओर दौड़ पड़े। लेकिन वे मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी होते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर तत्काल सीओ सदर अनिल राय व अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय प्रकाश सिंह मय फोर्स पहुंचे और जांच में जुट गए।

 

Back to top button