fbpx
weatherचंदौली

Chandauli Weather : सोनभद्र के करीब पहुंचा मानसून, 25 से जिले में झमाझम बारिश, मौसम विभाग का आया पूर्वानुमान

चंदौली। मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही उसका प्रभाव भी दिखने लगा है। जिले में प्री मानसून की बारिश का दौर शुरू हो गया है। मानसून भी छत्तीसगढ़ में आगे बढ़ते हुए सोनभद्र के काफी करीब पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार 25 जून तक जिले में मानसून के बादल पहुंच जाएंगे और झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।

 

राज्य कृषि मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार प्रदेश में प्री-मानसून तड़ित-झंझावात (थंडरस्टार्म) के बीच मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के अधिकांश भाग को आच्छादित करते हुए मानसून प्रदेश की दक्षिणी सीमा (सोनभद्र) के काफी करीब पहुंच चुका है। आगामी 2-3 दिनों के दौरान कभी भी प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इसके लिए परिस्थितियां काफी अनुकूल हैं। ऐसे में 25 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश और 26 जून से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून की बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

 

प्री मानसून की बारिश के चलते तापमान में काफी गिरावट आई है। तापमान गिरकर अब 40 डिग्री से नीचे आ गया है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री के नीचे है। इससे वार्म नाइट और हीट वेव की स्थिति समाप्त हो चुकी है। इस बार मानसून सीजन में अच्छी बारिश के संकेत मिल रहे हैं। यदि अलनीनो अथवा कोई प्रतिकूल परिस्थिति नहीं बनी तो अच्छी बरसात हो सकती है।

Back to top button