
चंदौली। जनवरी में ठंड का सितम चरम पर है। चार दिन बाद गुरुवार की दोपहर हल्की धूप खिली। इससे गलन से लोगों को मामूली राहत मिली। दिन और रात के तापमान में कोई खास अंतर नहीं है। इसकी वजह से लोगों को दिन में भी ठंड से राहत नहीं मिल रही। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दस जनवरी तक मौसम का हाल कुछ यूं ही रहने वाला है। इसके बाद तापमान में थोड़ा इजाफा होने पर ठंड से कुछ हद तक राहत मिलेगी।
नए साल के साथ ही कड़ाके की ठंड ने दस्तक दी। घने कोहरे के बीच नए साल का आगाज हुआ। वहीं चार दिनों तक धूप नहीं निकली। गुरुवार को दोपहर के वक्त हल्की धूप खिली। लोग-बाग गुनगुनी धूप सेंकते नजर आए। इससे ठंड से थोड़ी राहत मिली। हालांकि दिन ढलने के साथ ही ठंड का सितम फिर जारी हो गया। मौसम विभाग की मानें तो दस जनवरी तक मौसम ऐसा ही रहेगा। ठंड से कोई खास राहत मिलने वाली नहीं है। अधिकतम तापमान 15 डिग्री तो न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। कोहरा और धुंध का असर भी देखने को मिलेगा। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा।