fbpx
weatherचंदौली

Chandauli Weather : चंदौलीवासी सावधान, मौसम विभाग ने जारी किया हीट वेव का रेड अलर्ट, जानिये आगे के मौसम का हाल

चंदौली। इस बार गर्मी रिकार्ड तोड़ रही है। जून में पिछले एक सप्ताह के तापमान लगातार 44 या उससे ऊपर बना हुआ है। आने वाले दिनों में भी आसमान आग बरसाएगा। मौसम विभाग ने 20 जून तक चंदौली में भीषण हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया है। भीषण गर्मी की वजह से एक बार फिर मौतों का सिलसिला शुरू हो गया है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

 

गर्मी का प्रकोप दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। रविवार को तापमान 46 डिग्री के पार रहा। इससे लोग बेहाल हो उठे। वहीं रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ की ओर से 17 से 20 जून तक हीट वेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। चंदौली, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, भदोही, मर्जापुर समेत आसपास के जिलों में हीट वेव चलेगी। वहीं वार्म नाइट की भी स्थिति देखने को मिलेगी। रात का तापमान में सामान्य से काफी अधिक रहेगा। इसकी वजह से लोगों को रात में भी राहत नहीं मिलने वाली है।

 

बिहार सीमा से आगे नहीं बढ़ रहा मानसून

मानसून इस समय पश्चिम बंगाल व बिहार की सीमा पर अटका हुआ है। पुरवा हवा के कमजोर पड़ने की वजह से मानसून बिहार में आगे नहीं बढ़ पा रहा है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो बंगाल की खाड़ी से चलने वाली नमीयुक्त पुरवा हवा के साथ मानसून बिहार होते हुए यूपी में दस्तक देगा। हालांकि यूपी और पश्चिमी बिहार में स्थितियां बिल्कुल विपरीत हैं। यहां तीखी धूप के साथ हीट वेव के रूप में गर्म पछुवा हवा का दौर जारी है। ऐसे में मानसून को लेकर भी असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है।

Back to top button